जीवन दीप अभियान
जीवन दीप अभियान
करुण दिव्यम ट्रस्ट की एक जीवनरक्षक पहल — हर जरूरतमंद तक सुलभ चिकित्सा, उत्तम स्वास्थ्य और जीवन की ज्योति पहुँचाना
•अभियान की प्रस्तावना एवं मूल परिकल्पना
स्वस्थ शरीर और निरोगी काया ही मानव जीवन का सबसे बड़ा धन है, किंतु आज के समय में महँगा इलाज, दवाइयों के बढ़ते दाम और अस्पतालों की लंबी दूरियां गरीबों के लिए लाइलाज बीमारी से भी बड़ा अभिशाप बन जाती हैं। समय पर प्राथमिक जाँच या सही सलाह न मिलने के कारण कई बार सामान्य बीमारियां भी गंभीर रूप ले लेती हैं।
करुण दिव्यम ट्रस्ट का 'जीवन दीप अभियान' इसी विसंगति को दूर करने का एक दृढ़ संकल्प है। हमारा मानना है कि आर्थिक तंगी या गरीबी के कारण किसी भी व्यक्ति को चिकित्सा सेवाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। यह अभियान समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुरक्षा का एक मजबूत और भरोसेमंद कवच प्रदान करता है।
•इस अभियान के मुख्य उद्देश्य एवं कार्यक्षेत्र
•नियमित स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर : ग्रामीण अंचलों, मलिन बस्तियों और दूर-दराज के इलाकों में समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करना, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया जाता है।
•निःशुल्क दवा वितरण और परामर्श: शिविरों और केंद्रों के माध्यम से जरूरतमंद रोगियों को डॉक्टरों के परामर्श के साथ-साथ आवश्यक जीवन-रक्षक दवाइयां, टॉनिक और चश्मे आदि पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराना ।
•मोबाइल मेडिकल वैन (स्वास्थ्य रथ) का संचालन: चलते-फिरते चिकित्सालय के रूप में 'स्वास्थ्य रथ' का संचालन करना, जो सीधे गांवों की चौखट और बस्तियों तक पहुंचकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करे।
•निवारक स्वास्थ्य शिक्षा और पोषण अभियान: समुदाय विशेष में स्वच्छता, संतुलित खान-पान, और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूकता रैलियां व कार्यशालाएं आयोजित करना, तथा गर्भवती महिलाओं व कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर को सुधारने पर ध्यान देना।
•भविष्य का दृष्टिकोण :
'जीवन दीप अभियान' के माध्यम से करुण दिव्यम ट्रस्ट का दीर्घकालिक लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि देश के हर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं इतनी सुलभ हो जाएं कि किसी भी व्यक्ति को इलाज के अभाव में पीड़ा न सहनी पड़े।